Carpool – Raste aur Rishte

₹349.00

  • By: Ranvijai Singh
  • ISBN: 9788116105567
  • Price: 349/-
  • Page: 206
  • Size: 6×9
  • Category: FICTION / General
  • Language: English
  • Delivery Time: 07-09 Days

Description

About The Book

Greater Noida se दिल्ली की safar हर सुबह मायावती पार्क के जाम से शुरू होती है। उसी जाम में एक सिल्वर बलेनो रोज़ रेंगती है, जिसमें तीन अजनबी साथ सफ़र करते हैं।

ऋषभ डेहरी-ऑन-सोन के एक हिंदी मास्टर का बेटा है। वह पाँच साल से अपने बटुए में बाबूजी का दिया एक पुराना सिक्का सँभाले हुए है। तान्या सरकारी दफ़्तर में एक सादगी भरी अफ़सर है, जिसकी मुस्कान के पीछे एक टूटी हुई सगाई का दर्द छिपा है। सिमरन कॉर्पोरेट दुनिया की चमक में डूबी लड़की है, जिसकी बातों में ज़हर है और जिसके दिल में एक ऐसा सच दबा है, जिसे वह दस साल से छिपा रही है।

बिना माँगे आगे बढ़ाई गई एक पानी की बोतल। घर से आए लिट्टी-चोखे की सोंधी ख़ुशबू। धौला कुआँ की बेमौसम बारिश। यमुना के घाट पर छठ का अर्घ्य। ऐसे ही छोटे-छोटे पल दो अजनबियों के बीच एक पुल बनाते हैं। फिर न्यूयॉर्क का एक बड़ा मौक़ा आता है, चार दिन की एक चुप्पी होती है, और एक पुराना डर फिर से जाग उठता है।

“कारपूल” उन लाखों लोगों की कहानी है जो अपने घर से दूर, किसी अजनबी शहर में, हर सुबह माँ के फ़ोन पर कहते हैं कि “हाँ माँ, खा लिया।” यह जड़ों से जुड़े रहने, भरोसा करने और रिश्तों को सँभालने की कहानी है।

नेहरू सेतु पर चलती ट्रेन से फेंका गया एक सिक्का, सोन के घाट पर सौंपा गया एक पुराना सूप, और एक पिता के वे शब्द, जिनका बेटे ने उम्र भर इंतज़ार किया। इस कहानी का आख़िरी पन्ना आपकी आँखें ज़रूर भिगो देगा, पर ख़ुशी के आँसुओं से।

क्योंकि अकेले माँगी मन्नत आधी होती है। साथ माँगी हुई, पूरी।

About The Author

जिनकी कहानियाँ नदियों की तरह बहती हैं: धीमी, गहरी और सीधे दिल तक पहुँचने वाली।

रणविजय सिंह के लिए नदियाँ केवल जलधारा नहीं, बल्कि कहानियों, स्मृतियों और जीवन-दर्शन का जीवंत संसार रही हैं। नदी की लहरों में छिपी कहानियाँ सुनना और उन्हें शब्दों में ढालना उनके लेखन की आत्मा है।

शिक्षा के लिए वे बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी पहुँचे और वहाँ अपने जीवन के सात स्वर्णिम वर्ष बिताए। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के अकादमिक गलियारों और गंगा के घाटों के बीच उन्होंने समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर (M.A.) की शिक्षा पूरी की। मनुष्य, समाज और लोक-आस्था को भीतर तक परखने की उनकी अनूठी दृष्टि इसी आध्यात्मिक शहर की देन है।

उनकी कहानियाँ और विचारोत्तेजक लेख कई प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में लगातार प्रकाशित होते रहे हैं। सरल, सहज भाषा में जीवन की गहरी अनुभूतियों को पिरो देना उनके लेखन की सबसे बड़ी पहचान है। उनके पात्र किताब के पन्नों से उठकर पाठक के आस-पास के लोग लगने लगते हैं।

हाल ही में प्रकाशित उनका पहला उपन्यास ‘और अलकनंदा बहती रही’ पाठकों के बीच ख़ास चर्चा में है। अलकनंदा के उद्गम से देवप्रयाग तक की यात्रा के बहाने यह कृति इतिहास, अध्यात्म, भूगोल और लोककथाओं को एक सूत्र में बाँधती है। इसमें नदी एक विराट जीवन-दर्शन बनकर सामने आती है।

‘कारपूल’ उनका दूसरा उपन्यास है। इस बार वे पहाड़ों से उतरकर दिल्ली की भागती सड़कों पर आते हैं, पर उनकी कलम बार-बार अपनी जड़ों, अपने लोगों और नदी के किनारों तक लौट आती है।

लेखन के साथ-साथ रणविजय सिंह वर्तमान में रेल मंत्रालय के अंतर्गत इण्डियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन (IRFC), नई दिल्ली में वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं और ग्रेटर नोएडा के संवाद अपार्टमेंट में रहते हैं।

Reviews

There are no reviews yet.

Be the first to review “Carpool – Raste aur Rishte”

Your email address will not be published. Required fields are marked *